वन गुर्जर समुदाय की समस्याएं सुनीं
देहरादून, 21 जुलाई (हि.स.)। सेला पर्व के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून की टीम ने मंगलवार को वन क्षेत्र में निवासरत वन गुर्जर समुदाय के बीच पहुंचकर उनके पारंपरिक पर्व में सहभागिता की और उनकी समस्याएं सुनीं।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने समुदाय के लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने का आश्वासन दिया।
प्राधिकरण के आग्रह पर आयोजित कार्यक्रम में प्रशासनिक और वन विभाग के अधिकारियों ने भी भाग लिया। वन गुर्जर समुदाय के लोगों ने आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आ रही कठिनाइयों सहित विभिन्न समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से समुदाय को पौधे और ट्री-गार्ड उपलब्ध कराए गए तथा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही ग्रामसभा प्रतिनिधियों को सोलर लैम्प और छाते तथा बच्चों को स्टेशनरी किट एवं रिफ्रेशमेंट वितरित किए गए।
सचिव सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य केवल निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि समाज के वंचित और दूरस्थ वर्गों तक न्याय, अधिकारों की जानकारी और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहयोग करना भी है। उन्होंने कहा कि वन गुर्जर समुदाय प्रकृति संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम में वन गुर्जर समुदाय के बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे, प्रशासनिक एवं वन विभाग के अधिकारी, डिफेंस काउंसिल तथा पराविधिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय