दून अस्पताल में चिकित्सकों को धमकाने वाला गिरफ्तार

 




देहरादून, 11 अक्टूबर (हि.स.)। दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में चापड़ लेकर पहुंचकर चिकित्सकों और कर्मचारियों को डराने-धमकाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने रविवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान रौनक मल्होत्रा (29) निवासी देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चापड़ बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार,नौ अक्टूबर को अस्पताल की मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. शोभा ने कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि एक व्यक्ति चापड़ लेकर इमरजेंसी वार्ड में घुसा और उसे लहराकर ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ तथा सुरक्षाकर्मियों में भय का माहौल पैदा किया। इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू की।

एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपित की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। चापड़ बरामद होने के बाद मामले में शस्त्र अधिनियम की धारा भी जोड़ी गई है।

पुलिस के मुताबिक,पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसके छोटे भाई का अस्पताल में कुछ लोगों से विवाद हुआ था। इसकी जानकारी मिलने पर वह शराब के नशे में चापड़ लेकर अस्पताल पहुंचा और वहां मौजूद लोगों को धमकाने लगा। पुलिस के अनुसार, आरोपित के खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न मामलों में पहले भी मुकदमे दर्ज हैं।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय