8 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई, 10 घरेलू सिलेंडर जब्त

 


नई टिहरी, 20 अगस्त (हि.स.)। घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और दुरुपयोग रोकने के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग ने गुरुवार को देवप्रयाग क्षेत्र में अभियान चलाया। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी प्रशांत बिष्ट के नेतृत्व में ऋषिकेश-बद्रीनाथ राजमार्ग पर बछेलीखाल, तीनधारा और देवप्रयाग में 39 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान आठ प्रतिष्ठानों में 10 घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाया गया। विभाग ने संबंधित व्यवसायियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सभी सिलेंडर जब्त कर लिए। जब्त सिलेंडरों को अग्रिम आदेश तक चंद्रबदनी गैस सेवा, अंजनीसैण के सुपुर्द किया गया है।

क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी बिष्ट ने बताया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर का उपयोग घरेलू उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं के लिए किया जाता है। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में इनका इस्तेमाल नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने होटल, ढाबा, रेस्तरां, भोजनालय और चाय-नाश्ता केंद्र समेत सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को घरेलू सिलेंडरों का उपयोग नहीं करने की हिदायत दी।

उन्होंने गैस वितरकों को भी घरेलू सिलेंडरों की आपूर्ति और वितरण में निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान पूर्ति निरीक्षक देवप्रयाग योगेंद्र पाल परमार, थानाध्यक्ष देवप्रयाग प्रशांत बहुगुणा और आशीष बिष्ट मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी