कांवड़ मेला : डीएम-एसएसपी का मेगा निरीक्षण, 25 जुलाई तक तैयारी पूरी करने के निर्देश

 


हरिद्वार, 14 जुलाई (हि.स.)।आगामी कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने मंगलवार को मेला क्षेत्र का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने निर्माण कार्यों और श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेकर सभी विभागों को 25 जुलाई तक हर हाल में तैयारियां पूरी करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मनसा देवी हिल बाईपास, मोतीचूर, भूपतवाला, सप्तऋषि आश्रम, पंतद्वीप, लालजीवाला, चंडी चौक, नजीबाबाद रोड, गौरीशंकर और नमामि गंगे घाट सहित कई संवेदनशील स्थानों का दौरा किया गया। अधिकारियों ने यात्रा मार्ग, भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक व्यवस्था, सड़क मरम्मत, बैरिकेडिंग, प्रकाश, पेयजल और स्वच्छता की समीक्षा की।

डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित, सुगम और गड्ढामुक्त होना चाहिए। निर्माण और मरम्मत कार्य प्राथमिकता से पूरे किए जाएं ताकि श्रद्धालुओं को असुविधा न हो। लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें।

उन्होंने भीड़ और यातायात प्रबंधन को मेले की सफलता की कुंजी बताते हुए संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, डायवर्जन और सूचना संकेतक लगाने के निर्देश दिए। सभी विभागों को दैनिक समीक्षा कर कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने की हिदायत भी दी। निरीक्षण में सीवर लाइन और रिंग रोड परियोजना की भी समीक्षा हुई। डीएम ने कार्यदायी संस्थाओं को काम में तेजी लाने व सुनिश्चित करने को कहा कि यात्रा मार्ग पर कोई अवरोध न हो।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा, कानून व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात संचालन की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और लगातार निगरानी पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, एडीएम जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, एसडीएम योगेश मेहरा, सीओ ट्रैफिक बिपेंदर सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला