एसआईआर अभियान को पारदर्शी ढंग से पूरा करे: डीएम
पौड़ी गढ़वाल, 23 जून (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद पौड़ी गढ़वाल में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सफल संपादन को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी, जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गयी।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया को लोकतंत्र की आधारशिला बताते हुए सभी संबंधित अफसरों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान के सफल संचालन में सहयोग की अपेक्षा की। कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में सही एवं अद्यतन रूप में दर्ज होना आवश्यक है, जिसके लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से संवाद कर उनके सुझाव एवं सुझावों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की सफलता में राजनीतिक दलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी दलों से पात्र मतदाताओं को जागरुक करने व गणना प्रपत्रों को समय पर भरवाने में सहयोग करने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह