सरकारी भूमि पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं, तत्काल हटाएं कब्जे: डीएम

 


हरिद्वार, 25 मई (हि.स.)। जनपद में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि कहीं अतिक्रमण पाया जाता है तो संबंधित अधिकारी तत्काल कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी करें और कब्जा हटाना सुनिश्चित करें।

जिला कार्यालय सभागार में सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सभी अधिकारियों को अपने-अपने विभागों की आगामी 3 माह की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि केवल कार्यालयों में बैठकर कार्यों की समीक्षा पर्याप्त नहीं है, बल्कि अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र में जाकर विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी करना होगा। उन्होंने कहा योजनाओं की प्रगति की निरंतर मॉनिटरिंग की जाए और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।

भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने जल संस्थान और पेयजल निगम को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में पेयजल संकट उत्पन्न हो रहा है, वहां तत्काल टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। पेयजल लाइनों में हो रहे लीकेज की शीघ्र मरम्मत कराने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को विद्युत आपूर्ति सुचारु रखने तथा बिजली चोरी पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया कि राशन कार्डों का सत्यापन अभियान तेजी से चलाया जाए। जिन व्यक्तियों की मृत्यु हो चुकी है, उनके नाम तत्काल राशन कार्ड से हटाए जाएं। साथ ही किसी भी बाहरी व्यक्ति का राशन कार्ड किसी भी दशा में न बनाया जाए।

आगामी मानसून सीजन को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को डेंगू और अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए अभी से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा लंबित मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े कार्यों को तेजी से पूरा करने व उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित जन सेवा केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के आदेश भी दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ लालित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता, एसएलओ आकाश जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला