एसआईआर: कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न हो : डीएम
हरिद्वार, 29 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शनिवार को तहसील कार्यालय रुड़की पहुंचकर वहां चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से एसआईआर की प्रक्रिया, अब तक हुई प्रगति और मतदाता सूची के पुनरीक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसआईआर कार्य निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण बेहद महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि मतदाता सूची से किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम किसी भी दशा में पृथक न होने पाए। पात्र मतदाताओं के नामों का सत्यापन पूरी सावधानी से किया जाए।
डीएम ने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में शुद्धता, पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें, ताकि किसी भी पात्र नागरिक को उसके मतदान के अधिकार से वंचित न होना पड़े।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल होना तथा सूची का शुद्ध एवं अद्यतन रहना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, तहसीलदार विकास अवस्थी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला