देव सिंह मैदान-विजडम तिराहा मार्ग तीन दिन में दुरुस्त करने के निर्देश

 


पिथौरागढ़, 28 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी आशीष कुमार भट्टगाई ने देव सिंह मैदान से विजडम तिराहा तक राष्ट्रीय राजमार्ग की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तीन दिन के भीतर सड़क की मरम्मत कर आवागमन सुचारु करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के संबंध में अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया था, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कहा कि जनसुविधा से जुड़े कार्यों में उदासीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को मौके का तत्काल निरीक्षण कर सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों, गड्ढों और अन्य कमियों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देव सिंह मैदान से विजडम तिराहा तक का मार्ग नगर क्षेत्र का महत्वपूर्ण मार्ग है और इस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों का आवागमन होता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्धारित तीन दिन की समयसीमा में सड़क दुरुस्त नहीं होने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से मौके पर जाकर मरम्मत कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की निगरानी करने को कहा।

जिलाधिकारी ने सड़क मरम्मत में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और कार्य को केवल खानापूर्ति तक सीमित नहीं रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता को सुरक्षित और सुचारु आवागमन उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। जनसमस्याओं की अनदेखी और कार्यों में अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय