डीएम ने पर्यटकों से की यातायात नियमों व स्थानीय संस्कृति के सम्मान की अपील

 


नैनीताल, 03 जून (हि.स.)। जनपद में लगातार बढ़ रही पर्यटकों की संख्या को देखते हुए नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी पर्यटकों, श्रद्धालुओं, प्रवासियों एवं आगंतुकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा स्थानीय संस्कृति एवं परंपराओं का सम्मान करने की अपील की है।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में आने वाले पर्यटक अपने वाहनों को सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़ा करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और स्थानीय लोगों तथा पर्यटकों को अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं पुलिस की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में नियमित चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी ने पर्यटकों से उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय रीति-रिवाजों और पारंपरिक मूल्यों का सम्मान करने का भी आग्रह किया है और अपेक्षा की है कि वे यहां की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक धरोहर का आनंद लेने के साथ सकारात्मक अनुभव और अच्छा संदेश भी लेकर जाएं। जिलाधिकारी ने जिला प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग, नगर निकायों, जिला पंचायत, पेयजल एवं पर्यटन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनपद में आने वाले पर्यटकों के लिए यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा पार्किंग स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी