दीपावली मिलन समारोह में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को किया सम्मानित

 


नई टिहरी, 6 नवंबर (हि.स.)। प्रतापनगर के कांग्रेस विधायक विक्रम सिंह नेगी ने शुक्रवार को रजाखेत स्थित लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में दीपावली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

विधायक ने कहा कि अपने कार्यकाल में उन्होंने महिलाओं, प्रतिभावान विद्यार्थियों, शिक्षकों, प्रगतिशील किसानों और खिलाड़ियों सहित समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया है। उन्होंने कहा कि पहाड़ की महिलाएं मेहनती हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए संसाधनों एवं सहयोग की जरूरत है।

नेगी ने कहा कि वर्ष 2027 में कांग्रेस की सरकार बनने पर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए काम किया जाएगा। उन्होंने राज्य निर्माण आंदोलन में महिलाओं के योगदान का उल्लेख करते हुए हंसा धनाई और बेलवती चौहान के संघर्ष को याद किया।

विधायक ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि इस घटना ने पहाड़ के लोगों को झकझोर दिया, लेकिन सरकार इस मामले पर मौन है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, संगीता पेटवाल, मंजू रावत, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी