सैनिकों की समस्याओं के प्राथमिकता से निस्तारण के निर्देश
हरिद्वार, 11 सितंबर (हि.स.)। जिला सैनिक परिषद की तृतीय त्रैमासिक बैठक शुक्रवार को रोशनाबाद स्थित श्री गोविंद बल्लभ पंत सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पूर्व सैनिकों, सैनिक विधवाओं और पूर्व सैनिक कल्याण समिति लालढांग के पदाधिकारियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं उठाईं।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर डॉ. सरिता पंवार (सेवानिवृत्त) ने पिछली बैठक में उठाए गए मामलों और उन पर हुई कार्रवाई की जानकारी दी। इसके बाद पूर्व सैनिकों ने शहीद स्मारक के लिए भूमि चिन्हित करने, लालढांग बाजार से अतिक्रमण हटाने, पूर्व सैनिक की पत्नी का नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज कराने व अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की मांग रखी।
बैठक में बिजली कटौती और घर-घर जलापूर्ति की समस्या का मुद्दा भी उठाया गया। इसके अलावा चकरोड़ से अतिक्रमण हटाने और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के संबंध में संबंधित थानों में बैठक आयोजित कराने की मांग की गई।
अध्यक्ष ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और जिला सैनिक कल्याण कार्यालय को सभी मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों से संबंधित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के समापन पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी डॉ. सरिता पंवार ने सभी अतिथियों और पूर्व सैनिकों का आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला