जिला योजना समिति के 13 सदस्यों का चुनाव 16 अक्टूबर को, 10 से नामांकन

 

हरिद्वार, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया 10 अक्टूबर से शुरू होगी। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने राज्य निर्वाचन आयुक्त के निर्देशों के क्रम में निर्वाचन कार्यक्रम निर्धारित कर दिया है। जनपद में नगर निकायों के निर्वाचित सभासदों एवं सदस्यों में से कुल 13 सदस्यों का चुनाव किया जाएगा। इसके लिए पांच प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र बनाए गए हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन पत्र 10 से 12 अक्टूबर तक जिलाधिकारी के रोशनाबाद स्थित न्यायालय कक्ष से प्राप्त किए जा सकेंगे। नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम समय सीमा 12 अक्टूबर को अपराह्न तीन बजे तक निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 13 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक कलेक्ट्रेट रोशनाबाद के कक्ष संख्या 356, 359, 343, 324 और 321 में होगी।

उम्मीदवारी वापस लेने के इच्छुक प्रत्याशी 14 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक स्वयं उपस्थित होकर नाम वापस ले सकेंगे। मतदान की आवश्यकता होने पर 16 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से अपराह्न तीन बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद उसी दिन अपराह्न तीन बजे से मतगणना शुरू होगी।

हरिद्वार और रुड़की क्षेत्र से चुने जाएंगे पांच-पांच सदस्य

निर्वाचन कार्यक्रम के तहत नगर निगम हरिद्वार क्षेत्र में नगर निगम हरिद्वार और नगर पालिका परिषद शिवालिकनगर को शामिल किया गया है। इस क्षेत्र से पांच सदस्य निर्वाचित होंगे। नगर निगम रुड़की क्षेत्र में नगर निगम रुड़की, नगर पालिका परिषद पाडली गुज्जर तथा नगर पंचायत रामपुर और ढंडेरा को शामिल किया गया है। यहां से भी पांच सदस्य चुने जाएंगे।

नगर पंचायत मंगलौर क्षेत्र में मंगलौर और झबरेड़ा नगर निकाय शामिल हैं। इस क्षेत्र से एक सदस्य का निर्वाचन होगा। नगर पंचायत लक्सर क्षेत्र में लक्सर, सुल्तानपुर आदमपुर और लव्वाध्लव्वारा नगर निकायों को शामिल किया गया है। यहां से एक सदस्य चुना जाएगा। वहीं, नगर पंचायत पिरान कलियर क्षेत्र में पिरान कलियर, भगवानपुर और इमलीखेड़ा नगर निकाय शामिल हैं। इस क्षेत्र से भी एक सदस्य निर्वाचित होगा।

अधिकारियों को समयबद्ध तैयारी के निर्देश

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। सभी संबंधित नगर निकायों को निर्वाचन संबंधी सूचना अपने नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित करने और निर्वाचित सभासदों एवं सदस्यों तक जानकारी पहुंचाने को कहा गया है।

निर्वाचन के सुचारु संचालन के लिए कलेक्ट्रेट रोशनाबाद स्थित निर्धारित कक्षों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला