श्रीकोट के पास बोलेरो के दुर्घटना की होगी मजिस्ट्रियल जांच

 

पौड़ी गढ़वाल, 04 जून (हि.स.)। जनपद के अंतर्गत बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर श्रीकोट स्थित गैस एजेंसी के निकट गत 17 मई को हुई बोलेरो दुर्घटना के मामले में जिला मजिस्ट्रेट ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। बीती 17 मई को महिंद्रा बोलेरो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। वाहन में चालक समेत कुल सात लोग सवार थे। हादसे में सभी यात्रियों को चोटें आयी थीं।

राजस्व उप निरीक्षक पट्टी कठूलस्यूँ-02 की विशेष रिपोर्ट के आधार पर जिला मजिस्ट्रेट स्वाति एस भदौरिया ने दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला मजिस्ट्रेट ने उप जिलाधिकारी श्रीनगर को जांच अधिकारी नामित किया है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि उप जिलाधिकारी श्रीनगर को 15 दिनों के भीतर मजिस्ट्रियल जांच पूरी कर आख्या अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें, जिससे जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को इस संबंध में कोई भी जानकारी प्राप्त हो, तो वे तत्काल तहसील श्रीनगर के कार्यालय में सूचित करें, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह