आंधी-ओलावृष्टि से नुकसान का आकलन कर किसानों को मिलेगा मुआवजा
हरिद्वार, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद में शुक्रवार सुबह अचानक बदले मौसम के कारण आई तेज आंधी और ओलावृष्टि से कई क्षेत्रों में नुकसान होने की सूचना है। इससे किसानों की फसलों के साथ ही भवनों और सड़क मार्गों पर भी असर पड़ा है। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करने और प्रभावित लोगों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने से भवनों और सड़क मार्गों को नुकसान पहुंचा है। कुछ स्थानों पर पेड़ गिरने से आवागमन भी बाधित हुआ है।
उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर पेड़ गिरने से सड़कें अवरुद्ध हुई हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर पेड़ों को हटवाकर यातायात बहाल किया जाए। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त भवनों और अन्य प्रभावित स्थलों का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारियों और कृषि विभाग के अधिकारियों को ओलावृष्टि एवं तेज आंधी से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का गंभीरता से आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में सर्वेक्षण कर क्षति की रिपोर्ट तैयार करने को कहा, ताकि पात्र किसानों को निर्धारित नियमों के अनुसार मुआवजा और राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि फसलों को हुए नुकसान के आकलन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला