जिला अस्पताल में विश्व टीबी दिवस पर हुआ जागरुकता कार्यक्रम

 


पौड़ी गढ़वाल, 24 मार्च (हि.स.)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी पौड़ी डा. एसएम शुक्ला ने बताया कि जनपद पौड़ी में कुल 1166 ग्राम पंचायतें हैं। जिनमें 626 ग्राम पंचायतें क्षयरोग मुक्त हो चुकी हैं। इनमें 190 ग्राम पंचायतों को लगातार तीन साल से क्षयरोग मुक्त रहने पर गोल्ड गांधी मूर्ति और 244 ग्राम पंचायतों को लगातार दो साल क्षयरोग मुक्त रहने पर सिल्वर गांधी मूर्ति से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में सबसे ज्यादा ग्राम पंचायतें क्षयरोग मुक्त बनाने में जनपद पौड़ी प्रदेश में पहले स्थान पर आया है।

मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर विश्व क्षयरोग दिवस पर जन जागरुकता रैली व कार्यशाला का आयोजन किया गया। जागरुकता रैली गढ़वाल इंस्टीट्यूट ऑफ पैरामेडिकल क्यार्क के छात्र-छात्राओं ने जिला अस्पताल परिसर पौड़ी से शुरु की। जो माल रोड, बस अड्डा, धारा रोड, अपर बाजार, एजेंसी चौक होते हुए वापस अस्पताल में संपन्न हुई। इसके बाद यहां जिला क्षयरोग नियंत्रण विभाग में आयोजित कार्यशाला का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी ने किया।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश व देश को क्षय रोग मुक्त बनाना है। जनपद पौड़ी में स्वास्थ्य विभाग बहुत अच्छा कार्य कर रहा है। जिले में 1339 क्षयरोगी पंजीकृत हैं। कहा कि 626 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त हो चुकी हैं। शेष पंचायतों में क्षयरोग मुक्ति अभियान तेजी से चल रहा है। कहा कि जन सहयोग से जिले को जल्द ही क्षयरोग मुक्त बनाया जाएगा। सीएमओ डा. एसएम शुक्ला ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग क्षयरोग नियंत्रण में लगातार बेहतर कार्य कर रहा है। जिसमें जनता व जन प्रतिनिधियों का अहम सहयोग मिल रहा है।

जिला कार्यक्रम समन्वयक दामोदर प्रसाद मंमगाई ने बताया कि क्षयरोग मुक्ति में जनपद पौड़ी की सफलता 87 फीसदी है। जिले में 1625 निक्षय मित्र हैं। विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी ने निक्षय मित्र बनकर 21 क्षयरोगियों को गोद लिया था। जिसका सफलतम उपचार हो चुका है। उन्होंने ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों से निक्षय मित्र बनने की अपील की। इस अवसर पर एसीएमओ व जिला क्षयरोग नियंत्रण अधिकारी डा. विनय कुमार त्यागी, पीएमएस जिला अस्पताल डा. एलडी सेमवाल आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह