जिले की 1163 ग्राम पंचायतों में 15 जुलाई को होंगे उप प्रधान पद के चुनाव

 


पौड़ी गढ़वाल, 07 जुलाई (हि.स.)। जनपद की 1163 ग्राम पंचायतों में रिक्त उप प्रधान पदों के लिए 15 जुलाई, को चुनाव कराया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने निर्वाचन कार्यक्रम की अधिसूचना जारी कर दी है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन की संपूर्ण प्रक्रिया एक ही दिन में संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर करायी जाएगी। बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 से 11 बजे तक नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर 12 से साढ़े 12 तक नाम वापसी की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। इसी दिन मतदान मतगणना की जाएगी।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित ग्राम पंचायतों के मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की भी अपील की। जनपद की कुल 1166 ग्राम पंचायतों में से 1163 ग्राम पंचायतों में उप प्रधान पद के लिए चुनाव कराए जाएंगे। शेष तीन ग्राम पंचायतों में प्रधान पद रिक्त होने के कारण पहले प्रधान पद का निर्वाचन कराया जाएगा, जिसके बाद वहां उप प्रधान एवं पंचायत सदस्यों के निर्वाचन की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह