जिल योजना समिति ने 6735.60 लाख का बजट किया मंजूर
हरिद्वार, 29 अप्रैल (हि.स.)।जनपद के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से जिला योजना समिति की बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए 6735.60 लाख रुपये की जिला योजना को मंजूरी दी गई। बैठक की अध्यक्षता जनपद प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने की।
बैठक में विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित होने वाली योजनाओं के लिए बजट का अनुमोदन किया गया। स्वीकृत बजट में सामान्य मद के तहत 5297.60 लाख रुपये, अनुसूचित जाति मद में 1404.50 लाख रुपये और अनुसूचित जनजाति मद में 33.50 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं।
प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि कुल बजट का लगभग 15 प्रतिशत हिस्सा स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने वाली योजनाओं—जैसे कृषि, उद्यान, पशुपालन, दुग्ध, मत्स्य, वानिकी और गन्ना विकास—पर खर्च किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार प्राथमिक शिक्षा को पहली बार जिला योजना में शामिल किया गया है, साथ ही अभिनव पहल के तहत मीठा जल झींगा पालन जैसी नई गतिविधियों को भी जोड़ा गया है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जाए।
जिलाधिकारी ने बैठक में बताया कि जिला योजना में सभी जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव शामिल किए गए हैं। पिछले वर्षों से जिला योजना का परिव्यय नहीं बढ़ा है, जिसे बढ़ाने के लिए प्रभारी मंत्री से अनुरोध किया गया है।
स्वीकृत बजट में पंचायतीराज विभाग को सर्वाधिक 1636 लाख रुपये, युवा कल्याण विभाग को 1234.19 लाख रुपये, सिंचाई और लोक निर्माण विभागों को भी महत्वपूर्ण धनराशि आवंटित की गई है। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, पर्यटन और खेलकूद जैसे क्षेत्रों को भी बजट में प्राथमिकता दी गई है।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, मेयर किरण जैसल, विधायक आदेश सिंह चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला