भेटा-भर्की मोटर मार्ग सुधारीकरण को ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
गोपेश्वर, 21 जुलाई (हि.स.)। चमोली जिले के जोशीमठ ब्लाॅक की उर्गम घाटी की भेटा-भर्की मोटर मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर क्षेत्रवासियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लंबे समय से सड़क की समस्याओं का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय सांकेतिक धरना देते हुए ज्ञापन सौंपा।
ग्राम प्रधान भेटा दीपक पंवार, भर्की के प्रधान चंद्रमोहन पंवार और सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मण सिंह नेगी ने कहा गया है कि भेटा-भर्की सड़क पर कई स्थानों पर मलबा जमा होने से यातायात बार-बार बाधित हो रहा है। इससे यहां आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग पर स्कवर (क्रॉस ड्रेनेज) और कॉजवे का कार्य अधूरा होने सड़क की स्थिति और भी दयनीय बनी हुई है। सड़क की दयनीय हालात के चलते दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
इसके अलावा कई हिस्सों में डामरीकरण का कार्य अधूरा है, जबकि जहां डामर बिछाया गया था, वह भी बारिश के कारण उखड़ चुका है। ग्रामीणों ने पूरे मार्ग का गुणवत्तापूर्ण डामरीकरण कराने, काॅजवे सुधारीकरण, नालियों का निर्माण, पुलिया निर्माण करने की मांग की है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि वे पूर्व में कई बार ज्ञापन और पत्राचार के माध्यम से प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण मजबूर होकर उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय में सांकेतिक धरना देने का निर्णय लिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार ने ग्रामीणों की समस्या को सुनते हुए सड़क मार्ग पर बरती गई अनियमितताओं को लेकर एक जांच कमेटी बनाई गई है। जो सड़क मार्ग का निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपेगी।
इस दौरान प्रधान भेटा दीपक पंवार, भर्की प्रधान चंद्रमोहन पंवार, सुभाष रावत, मंजू देवी, दीपा देवी, महावीर सिंह पंवार, बलवीर सिंह नेगी, वीरेंद्र सिंह नेगी, सुरेंद्र सिंह रावत, देवेंद्र सिंह पंवार, रजनी देवी, चंद्रमोहन सिंह पंवार, धर्मेद्र पंवार, मातवर सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल