स्वयंसेवकों ने राष्ट्र के प्रति निष्ठा और अनुशासन का पथ संचलन में दिया संदेश

 




देहरादून,08 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयसेवक संघ,उत्तराखंड प्रांत के संघ शिक्षा वर्ग में शामिल स्वयंसेवकों ने सोमवार को पथ संचलन कर राष्ट्र भक्ति का संदेश दिया। संचलन में तीन सौ से अधिक शिक्षार्थी और एक सौ से अधिक शिक्षक और व्यवस्था के स्वयंसेवकों घोष वादन के साथ शामिल हुए। संचलन का उद्देश्य राष्ट्र के प्रति निष्ठा और अनुशासन का भाव प्रकट करना रहा।

पथ संचलन हिमालयन स्कूल से प्रारंभ होकर गीता भवन,पहाड़ी गली चौक, डाकपत्थर तिराहा से होते हुए अस्पताल मार्ग,28 फिटा रोड, सिनेमा गली से होते हुए वापस हिमालयन स्कूल में सम्पन्न हुआ। पथ संचलन कर रहे स्वयंसेवकों का विभिन्न स्थानों पर नगर के स्थानीय निवासियों एवं संस्थाओं के द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। मातृशक्ति द्वारा भी पारंपरिक वेशभूषा में स्वयंसेवकों का स्वागत किया गया।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का इन दिनों विकासनगर में संघ शिक्षा वर्ग आयोजित कर रहा है,जिसमें उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों युवा,संघ के कार्यों को जानने के लिए प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे है। वर्ग का समापन 14 जून को शाम 5 बजे होगा। जिसमें उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों से लोग शामिल होंगे।

इस अवसर पर अखिल भारतीय सह सम्पर्क प्रमुख भारत भूषण, वर्ग सर्वाधिकारी लोकपाल,विष्णु,वर्ग कार्रवाह रविन्द्र,चंदन, वर्ग पालक मनोहर,राकेश बडोनी,वर्ग व्यवस्था प्रमुख संदीप,जिला संघ चालक देवराज,सह विभाग प्रचारक सौरभ,मुख्य शिक्षक राहुल,पूरण,सह मुख्य शिक्षक रमेश, कमल आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल