विद्यालयों में आपदा प्रबंधन का मॉक अभ्यास,विद्यार्थियों को सिखाए बचाव के तरीके

 


चमोली, 25 नवंबर (हि.स.)। आपदा प्रबंधन दिवस के उपलक्ष्य में चमोली जिले के विभिन्न विद्यालयों में आपदा जोखिम न्यूनीकरण और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए मॉक अभ्यास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अग्निशमन विभाग, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव के तरीके बताए जा रहे हैं।

अभियान के तहत विभागीय टीमें विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों को भूकंप, भूस्खलन, अतिवृष्टि, बादल फटने, बाढ़, वनाग्नि और अग्निकांड जैसी प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के कारणों, प्रभावों और बचाव के उपायों की जानकारी दे रही हैं। भूकंप के दौरान अपनाई जाने वाली 'ड्रॉप, कवर एवं होल्ड' प्रक्रिया, सुरक्षित स्थानों की पहचान और आपातकालीन निकासी मार्गों के बारे में भी बताया जा रहा है।

अग्निशमन विभाग के कार्मिकों ने आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों, अग्निशमन उपकरणों के प्रकार और उनके सही इस्तेमाल की जानकारी दी। इस दौरान विद्युत शॉर्ट सर्किट और गैस सिलेंडर में आग लगने जैसी परिस्थितियों में बचाव के उपायों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया।

वहीं, एसडीआरएफ की टीम ने खोज एवं बचाव कार्यों की प्रक्रिया समझाते हुए सुरक्षित निकासी, घायलों को प्राथमिक उपचार देने, रस्सियों के माध्यम से बचाव और विभिन्न बचाव उपकरणों के इस्तेमाल का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों को आपदा के समय घबराने के बजाय सूझबूझ और सतर्कता से काम लेने तथा बचाव कार्यों में प्रशिक्षित टीमों का सहयोग करने की जानकारी दी गई।

विद्यालयों में आयोजित मॉक अभ्यास के दौरान आपातकालीन स्थिति की परिकल्पना कर विद्यार्थियों और शिक्षकों को निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं के अनुसार कक्षाओं एवं विद्यालय भवन से सुरक्षित बाहर निकलने तथा निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर एकत्रित होने का अभ्यास कराया जा रहा है। इसके साथ ही विद्यालयों में उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं, आपातकालीन निकासी मार्गों और सुरक्षित स्थानों की जानकारी भी दी जा रही है।

कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों को आपदा के समय घबराहट से बचने, अनुशासन बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और प्रशासन एवं बचाव दलों के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इन कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने विभागीय कार्मिकों से आपदा प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा और खोज एवं बचाव से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण