अधिकार मित्रों के लिए आपदा प्रबंधन कार्यशाला, एनडीआरएफ ने दिया लाइव डेमो
हरिद्वार, 04 जुलाई (हि.स.)। पुलिस लाइन सभागार में आज जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार की ओर से अधिकार मित्रों की मासिक बैठक के साथ विशेष आपदा प्रबंधन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आयोजन राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से किया गया, जिसमें अधिकार मित्रों को आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर ने बताया कि मासिक बैठक में अधिकार मित्रों को जुलाई माह के प्लान ऑफ एक्शन की विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जारी नई स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) से भी अवगत कराया गया।
कार्यशाला के दौरान एनडीआरएफ की टीम के निरीक्षक तिरेपन सिंह रावत एवं उनकी टीम ने लाइव डेमो के माध्यम से आपदा की विभिन्न परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों, प्राथमिक बचाव उपायों तथा राहत कार्यों की तकनीकों का प्रदर्शन किया।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से आए मनोज कंडियाल ने प्रतिभागियों को बताया कि किसी भी आपदा की स्थिति में सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर 1077 पर तत्काल संपर्क किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने आपदा से पहले तैयारी, आपदा के दौरान सतर्कता तथा आपदा के बाद राहत कार्यों के विभिन्न पहलुओं पर भी प्रकाश डाला।
समापन पर जिला जज नरेन्द्र दत्त ने कहा कि अधिकार मित्र समाज और न्याय व्यवस्था के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्यशाला में प्राप्त प्रशिक्षण और एनडीआरएफ द्वारा दिए गए व्यावहारिक प्रदर्शन का लाभ अधिकार मित्र अपने-अपने क्षेत्रों में उठाते हुए आपदा प्रभावित लोगों की प्रभावी सहायता कर सकते हैं।
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संदीप कुमार, प्राधिकरण के डिप्टी एलएडीसी रमन कुमार सैनी, रिटेनर अधिवक्ता उपेन्द्र दत्त शर्मा, पैनल अधिवक्ता संगीता भारद्वाज सहित लगभग 200 अधिकार मित्र उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला