डीआईपीआर डिजिटल पॉडकास्ट शुरू, सरकारी योजनाओं के प्रचार को मिलेगा नया मंच
-सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने पहले पॉडकास्ट की रिकॉर्डिंग कर की शुरुआत,फेक न्यूज पर जताई चिंता
देहरादून, 16 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला सूचना कार्यालय में डीआईपीआर डिजिटल पॉडकास्ट का शुभारंभ किया गया। सूचना महानिदेशक एवं एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने पहले पॉडकास्ट की रिकॉर्डिंग कर इस पहल की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के जरिए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़ी जानकारियों को आम जनता तक सरल और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा।
बंशाीधर तिवारी ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में पॉडकास्ट सूचना और संवाद का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। इसके माध्यम से सरकारी योजनाओं और जनहित से जुड़े विषयों पर लोगों को जागरूक करने के साथ ही विभागीय जानकारियां भी व्यापक स्तर पर साझा की जा सकेंगी।
उन्होंने सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही फेक न्यूज पर चिंता जताते हुए कहा कि किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। भ्रामक सूचनाएं समाज में भ्रम और असमंजस पैदा कर सकती हैं। ऐसे में डिजिटल माध्यमों का जिम्मेदारी से उपयोग किया जाना जरूरी है।
सूचना महानिदेशक ने कहा कि सोशल मीडिया ने स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हरेला, इगास और छठ पूजा जैसे पर्वों के माध्यम से उत्तराखंड सहित देश की सांस्कृतिक विरासत को व्यापक मंच मिल रहा है। उन्होंने युवाओं और पत्रकारिता के विद्यार्थियों से सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक संवाद, विश्वसनीय सूचनाओं और जनजागरूकता के प्रसार के लिए करने की अपील की।
इस दौरान तिवारी ने जिला सूचना कार्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी,अपर जिला सूचना अधिकारी रवीन्द्र सिंह नेगी, कनिष्ठ सहायक इंद्रेश कोठारी सहित कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय