(अपडेट)उत्तराखंड में बनेगा विशेष 'अग्निवीर सेल', होमस्टे योजना में भी मिलेगा विशेष अनुदान: धामी

 


देहरादून, 17 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को घोषणा की कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बनेगा, जहां सेवामुक्त अग्निवीरों के पुनर्वास और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष 'अग्निवीर सेल' की स्थापना की जाएगी। साथ ही पर्यटन विभाग की होमस्टे योजना के तहत पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को विशेष अनुदान भी दिया जाएगा।

देहरादून के कुआंवाला स्थित यूथ फाउंडेशन ट्रेनिंग एरिया में आयोजित 'युवा अग्निवीर संवाद' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमावर्ती गांवों में स्थानीय निवासियों, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार से जुड़ी अवस्थापना सुविधाएं विकसित करने के लिए भी विशेष अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेना में सेवा देने वाले प्रत्येक युवा को सम्मानजनक भविष्य उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सेवामुक्त अग्निवीरों को पुलिस, वन विभाग और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने के साथ अधिकतम आयु सीमा में छूट और भर्ती प्रक्रियाओं में प्राथमिकता की व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि अग्निवीर बनना केवल रोजगार नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का सर्वोच्च अवसर है।

धामी ने कहा कि शहीदों और सैनिक परिवारों के कल्याण के लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। शहीद परिवारों की अनुग्रह राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है। आश्रितों के सरकारी सेवा में समायोजन, सरकारी नौकरी के लिए आवेदन की समय-सीमा दो वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष करने तथा वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों के सम्मान में वृद्धि जैसे कदम उठाए गए हैं। युद्ध विधवाओं, दिव्यांग सैनिकों और पूर्व सैनिकों के सम्मानजनक अंतिम संस्कार के लिए भी आर्थिक सहायता की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं एक सैनिक के पुत्र हैं और सैनिकों के अनुशासन, त्याग तथा राष्ट्रसेवा की भावना को बचपन से देखते आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और सुशासन के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), सख्त नकल विरोधी कानून और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में राज्य में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में मदरसा बोर्ड समाप्त कर सभी के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का मार्ग प्रशस्त किया गया है। राज्य सरकार कृषि, पर्यटन, रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। बीते चार वर्षों में चारधाम यात्रा, आदि कैलाश यात्रा और शीतकालीन यात्रा सहित विभिन्न पर्यटन गतिविधियों के माध्यम से 24 करोड़ से अधिक पर्यटक उत्तराखंड पहुंचे हैं।

कार्यक्रम में विधायक बृजभूषण गैरोला, यूथ फाउंडेशन के संस्थापक कर्नल (सेवानिवृत्त) अजय कौठियाल, मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) गुलाब सिंह रावत, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय