मधुमेह से पीड़ित बच्चों में जीवन जीने का जज्बा जगाने की रामकृष्ण मिशन की पहल सराहनीय: मयूर दीक्षित

 


हरिद्वार, 22 नवंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय मधुमेह दिवस के अवसर पर रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम कनखल में मधुमेह जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान मधुमेह से संबंधित चित्रकला प्रदर्शनी और संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन करने के साथ ही स्वामी रामकृष्ण परमहंस, मां शारदा और स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर माल्यार्पण किया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बचपन से मधुमेह से पीड़ित बच्चों में जीवन के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों को जीवन जीने की कला सिखाने और उन्हें राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करना पुण्य का कार्य है।

मधुमेह से पीड़ित बच्चों को देश और समाज के लिए बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देना मिशन का सराहनीय प्रयास है। जिला प्रशासन भी इस पहल में सहयोग करना चाहेगा। उन्होंने कहा कि जीवन का लक्ष्य बेहतर कार्य करना होना चाहिए।

रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम के सचिव डॉ. स्वामी दयामूर्त्यानंद महाराज ने बताया कि करीब 20 वर्ष पहले मधुमेह से पीड़ित तीन छोटे बच्चों के साथ इस क्लब की शुरुआत की गई थी। इसका उद्देश्य बच्चों को उपचार के साथ जीवन के प्रति सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास देना था। आज इस क्लब से 180 बच्चे और युवा जुड़ चुके हैं। मिशन के चिकित्सक उन्हें मधुमेह से बेहतर तरीके से मुकाबला करने और सामान्य जीवन जीने के लिए निरंतर प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम में पांच से 25 वर्ष तक की आयु के मधुमेह पीड़ित बच्चों और युवाओं ने प्रतिभाग किया। उन्होंने अपने अनुभव साझा किए और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से आत्मविश्वास एवं जीवन के प्रति अपने उत्साह का परिचय दिया। बच्चों ने विभिन्न खेल गतिविधियों में भी हिस्सा लिया और संदेश दिया कि मधुमेह उनके सपनों और क्षमताओं के आड़े नहीं आ सकता।

इस अवसर पर रामकृष्ण मिशन राजकोट से आए स्वामी निखिलेश्वरानंद महाराज ने भेड़ और शेरनी की प्रेरक कहानी सुनाकर बच्चों को आत्मबल के साथ जीवन जीने की सीख दी।

कार्यक्रम में 25 वर्षीय युवा अधिवक्ता एवं नेशनल बॉडीबिल्डर हितार्थ प्रिंस ने अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि जब वह पांच-छह वर्ष के थे, तब मधुमेह से पीड़ित होने के कारण निराश रहते थे। करीब 20 वर्ष पहले क्लब की शुरुआत के बाद स्वामी जी और चिकित्सकों ने उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। आज वह अपने क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं।

कार्यक्रम का संचालन मधुमेह पीड़ित युवा मयंक ने किया। इस दौरान सचिव डॉ. स्वामी दयामूर्त्यानंद महाराज ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को स्मृति चिह्न, स्वामी विवेकानंद से संबंधित पुस्तकें और शॉल भेंटकर सम्मानित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला