मुख्यमंत्री धामी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

 


देहरादून, 21 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, पेंशन, रोजगार, आर्थिक सहायता सहित विभिन्न क्षेत्रीय एवं व्यक्तिगत समस्याओं से जुड़े मामले सामने आए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान जिला या विभागीय स्तर पर संभव है, उन्हें अनावश्यक रूप से शासन स्तर पर लंबित न रखा जाए। अधिकारियों को अपने स्तर पर प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में है। लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाया जाए। शिकायतों का समाधान केवल कागजी औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि संबंधित व्यक्ति को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन-1905, जनसुनवाई और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जैसे माध्यमों से शिकायतों के समाधान को प्रभावी बनाया जा रहा है। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ के तहत शासन-प्रशासन जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं के समाधान के साथ पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं से जोड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार शिविरों के साथ स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविर भी लगाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग करने और शासन, जिला प्रशासन तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान ‘9वीं हीरोज अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026’ में पदक जीतने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने भी मुख्यमंत्री से भेंट की। 31 जुलाई से दो अगस्त तक पटाया, थाईलैंड में आयोजित प्रतियोगिता में मन्नू सोनकर, शिवानी दाबसा, मोहम्मद जकी और मुकुल ने स्वर्ण, जबकि मेघा शर्मा और धनंजय धारीवाल ने कांस्य पदक जीता। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

--------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय