महिला मुक्केबाजों से मिले सीएम धामी, किया सम्मानित

 




देहरादून, 21 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाली उत्तराखंड की महिला मुक्केबाजों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ की मुक्केबाज निकिता चंद, काजल फर्स्वाण और आरती धारियाल को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रशिक्षकों बृजेंद्र मल और ललित कुँवर को भी सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की बेटियां खेलों के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। खिलाड़ियों की मेहनत, प्रतिभा और संकल्प से प्रदेश का नाम देश और दुनिया में रोशन हो रहा है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

हाल ही में इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में पिथौरागढ़ की निकिता चंद ने 60 किलोग्राम भार वर्ग और काजल फर्स्वाण ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

पिथौरागढ़ के बड़ालू गांव निवासी निकिता चंद इससे पहले वर्ष 2021, 2022 और 2023 में एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। वह वर्तमान में प्रशिक्षक बृजेंद्र मल और भास्कर भट्ट के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं।

वहीं, मुनस्यारी के भदेली गांव निवासी काजल फर्स्वाण ने भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने अंडर-19 एएसबीसी एशियन चैंपियनशिप में रजत, अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य और 38वें नेशनल गेम्स-2025 में रजत पदक जीता है। वर्तमान में वह पटियाला स्थित राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग कैंप में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

पिथौरागढ़ की आरती धारियाल ने रोमानिया में आयोजित गोल्ड बेल्ट बॉक्सिंग प्रतियोगिता में 54 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। गौड़ीहाट निवासी आरती इससे पहले एलीट महिला राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में वर्ष 2024 और 2025 में कांस्य पदक जीत चुकी हैं। वह भी वर्तमान में पटियाला स्थित राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग कैंप में प्रशिक्षण ले रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन खिलाड़ियों की उपलब्धियां उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं की मजबूती और बेटियों की क्षमता का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक प्रतिभावान खिलाड़ी को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए आवश्यक अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, सहायक निदेशक खेल संजीव पौरी, जिला खेल अधिकारी शबाली गुरंग सहित अन्य अधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय