धामी सरकार ने पांच साल का रिपोर्ट कार्ड पेश किया, 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा

 




देहरादून, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को राज्य सरकार के पांच वर्षों के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड जारी कर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण और आधारभूत सुविधाओं समेत विभिन्न क्षेत्रों में सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई, जबकि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में मिले निवेश प्रस्तावों में से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं।

आईएसबीटी स्थित एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में रिपोर्ट कार्ड का विमोचन करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र एवं राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से उत्तराखंड ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखंड का निर्माण करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने योजनाएं बनाने के साथ उनके प्रभावी क्रियान्वयन और लाभ आमजन तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है और 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि दिसंबर 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। निवेश को बढ़ावा देने के लिए 30 से अधिक नई नीतियां बनाई गई हैं।

मुख्यमंत्री धामी के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में छह राजकीय मेडिकल कॉलेजों में से तीन नए मेडिकल कॉलेज शुरू हुए हैं। अटल आयुष्मान योजना के तहत 63.32 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं और सितंबर तक 17.36 लाख से अधिक मरीजों को 3,717 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया गया है। किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण अंतिम चरण में है।

शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। प्रदेश को देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य होने का गौरव भी प्राप्त हुआ है। वहीं, विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत 21 हजार से अधिक विद्यार्थियों को लाभान्वित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को तीन लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत आठ लाख से अधिक किसानों के खातों में तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की गई है। मंडुआ का न्यूनतम खरीद मूल्य 5,200 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में खेती को प्रोत्साहित करने के लिए पॉलीहाउस निर्माण पर 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने बताया कि समान नागरिक संहिता लागू करने वाला उत्तराखंड आजादी के बाद देश का पहला राज्य बना है। प्रदेश में 27 जनवरी 2025 से यह कानून प्रभावी है। इसी तरह भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिसमें गंभीर मामलों में आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि मुक्त कराई गई है। अपणि सरकार पोर्टल के माध्यम से 900 से अधिक सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं।

कनेक्टिविटी के क्षेत्र में उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण पूरा हो चुका है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का लगभग 75 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। प्रदेश में करीब 39 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। देहरादून-मसूरी रोपवे और चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजनाओं पर भी काम जारी है।

पर्यटन के क्षेत्र में उन्होंने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। शीतकालीन यात्रा को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत 48 मंदिरों का विकास किया जा रहा है। कुंभ मेला-2027 के लिए 500 करोड़ रुपये से अधिक और नंदा देवी राजजात यात्रा के लिए 25 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में जल जीवन मिशन के तहत 14.20 लाख ग्रामीण परिवारों को पेयजल कनेक्शन दिए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 2,826 सड़कों का निर्माण कर 21,915 किलोमीटर का सड़क नेटवर्क विकसित किया गया है। वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत 51 गांवों में करीब 270 करोड़ रुपये की लागत से 200 परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।

आपदा प्रबंधन के संबंध में उन्होंने सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को 17 दिन बाद सुरक्षित बाहर निकालने और वर्ष 2024 में केदारनाथ क्षेत्र से 15 हजार से अधिक लोगों के सुरक्षित रेस्क्यू का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के उपचार के लिए केंद्र से 461 करोड़ रुपये और आपदा न्यूनीकरण के लिए 113.90 करोड़ रुपये की सहायता मिली है।

खेलों के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन और राज्य के खिलाड़ियों की ओर से 103 पदक जीतने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवाओं में पात्र खिलाड़ियों के लिए चार प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान किया गया है।

धामी ने राज्य आंदोलनकारियों के कल्याण के लिए सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, उनकी पेंशन में वृद्धि और परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा जैसी सुविधाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अग्निवीरों के लिए अग्निवीर सेल का गठन किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और युवाओं, महिलाओं, किसानों तथा कमजोर वर्गों के लिए नए अवसर पैदा करना है।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, मंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय