प्रवासी उत्तराखंडियों के सुझावों को विकास नीति में शामिल करेंगे: धामी

 




-राज्य में रिवर्स माइग्रेशन में 44 प्रतिशत की वृद्धि

नई दिल्ली, 27 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड निवास में विभिन्न संस्थानों से जुड़े प्रवासी उत्तराखंडियों और बुद्धिजीवियों के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि राज्य की विकास यात्रा में प्रवासी उत्तराखंडियों और प्रबुद्धजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है और संवाद के दौरान मिले सुझावों को नीतियों में शामिल किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पर्यटन,स्वरोजगार,स्थानीय आर्थिक गतिविधियों और कनेक्टिविटी के विस्तार के जरिए राज्य के विकास को गति देने पर काम कर रही है। उन्होंने रिवर्स पलायन को बढ़ावा देने के लिए पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की जरूरत बताई। मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य में रिवर्स माइग्रेशन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

उन्होंने कहा कि राज्य का बजट बढ़कर करीब 1.12 लाख करोड़ रुपये हो गया है। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर, हवाई सेवाओं के विस्तार और पंतनगर में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का उल्लेख करते हुए उन्होंने कनेक्टिविटी को निवेश और आर्थिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण बताया।

मुख्यमंत्री ने युवाओं के रोजगार के संदर्भ में कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता को प्राथमिकता दी गई है। उनके अनुसार, पेपर लीक और नकल के मामलों में कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया और 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी गई हैं।

उन्होंने होमस्टे,कृषि,बागवानी,छोटे होटल और स्थानीय उद्यमों को स्वरोजगार के प्रमुख माध्यम बताते हुए कहा कि पर्यटन राज्य की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। उनके अनुसार, चारधाम, कांवड़ यात्रा और आदि कैलाश में बढ़ती गतिविधियों से सीमांत और पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़े हैं।

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून,दंगा विरोधी कानून और शिक्षा व्यवस्था में किए गए बदलावों को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य सीमांत क्षेत्रों तक सड़क, रेल, रोपवे और हवाई संपर्क का विस्तार करने के साथ युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना है।

कार्यक्रम में लेखक प्रसून जोशी,प्रो.प्रदीप जोशी,अश्विनी लोहानी, प्रो. हर्ष वी. पंत, सुभाष धुलिया सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रो. गोविंद सिंह ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय