नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण और जनजागरूकता के लिए अभियोजन विभाग को मिलेंगे 25 लाख रुपये: धामी

 




देहरादून, 26 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण और जनजागरूकता के लिए अभियोजन विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने सहित तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने गुरुवार को पुलिस लाइन देहरादून में संविधान एवं विधि दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि अभियोजन विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नए आपराधिक कानूनों का प्रशिक्षण देने और आमजन को जागरूक करने के लिए 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत की जाएगी। उन्होंने अभियोजन कार्यालयों के आधुनिकीकरण के लिए कंप्यूटर और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने और सभी जनपदों में अभियोजन कार्यालयों की बुनियादी सुविधाएं बेहतर बनाने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पहलों से अभियोजन विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और प्रदेश की न्याय व्यवस्था मजबूत होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियोजन सेवा आपराधिक न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। विवेचना अधिकारियों की ओर से जुटाए गए साक्ष्यों का विधिक परीक्षण करना और तथ्यों को न्यायालय के समक्ष निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना अभियोजन अधिकारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उनकी विधिक दक्षता और निष्पक्षता से न्याय व्यवस्था के प्रति आम नागरिकों का विश्वास मजबूत होता है।

उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने दो वर्ष, 11 माह और 18 दिन के परिश्रम के बाद भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। वर्ष 2015 में केंद्र सरकार ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में औपनिवेशिक काल के आपराधिक कानूनों के स्थान पर भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू किए गए हैं। इन कानूनों में पीड़ितों के अधिकारों और समयबद्ध न्याय पर विशेष जोर दिया गया है। इससे अभियोजन अधिकारियों की जिम्मेदारी और महत्वपूर्ण हो गई है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार न्याय व्यवस्था को आधुनिक और सशक्त बनाने के लिए नए न्यायालय भवनों के निर्माण, पुराने भवनों के आधुनिकीकरण, ई-फाइलिंग, डिजिटल न्यायालयों और वर्चुअल सुनवाई जैसी सुविधाओं का विस्तार कर रही है। इससे दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों की न्याय तक पहुंच आसान हो रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कानून का प्रभावी क्रियान्वयन तभी संभव है, जब उसका पालन बिना भेदभाव सुनिश्चित किया जाए और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो। देवभूमि उत्तराखंड में कानून का राज कायम रखना और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर अमल करना सरकार का संकल्प है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में 12 लोगों को विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया। इनमें वरिष्ठ अधिवक्ता सीताराम नागलिया, एससी बिरमानी, गोविन्द राम नौटियाल, समाजसेवी कुसुम कण्डवाल, चिकित्सक डॉ. गीता खन्ना, डॉ. महेश कुड़ियाल, समाजसेवी एवं शिक्षाविद् ललित जोशी और सेवानिवृत्त अभियोजक राम सिंह शर्मा, मनोहर लाल सडाना, सुभाष चन्द्र गुप्ता, त्रेपन सिंह बिष्ट और सुन्दर सिंह गुसाईं शामिल हैं। उन्होंने ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ और ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ पुस्तकों का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई और विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल, सचिव गृह शैलेश बगौली और निदेशक अभियोजन एपी अंशुमान सहित अभियोजन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय