विभिन्न विकास योजनाओं के लिए 75 करोड़ स्वीकृत

 




देहरादून, 17 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 75 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इसमें साइबर अपराधों से निपटने, सड़क पुनर्निर्माण और अवस्थापना सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने देहरादून में साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों से निपटने के लिए साइबर उत्कृष्टता केंद्र के निर्माण के लिए 31.63 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।

इसके अलावा, जनपद उधमसिंह नगर के किच्छा विधानसभा क्षेत्र में एनएच-109 से अटरिया माता मंदिर मोड़, सिडकुल एवं आनंदपुर होते हुए एसएच-44 तक सड़क पुनर्निर्माण के लिए 22.72 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। साथ ही शिमला पिस्तौर-कुरैया मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधार कार्य के लिए 19.40 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

अन्य स्वीकृतियों में उपसम्भागीय परिवहन कार्यालय रुड़की के निर्माणाधीन भवन के लिए एप्रोच मार्ग निर्माण के लिए 1.30 करोड़ रुपये, अनुसूचित जाति बाहुल्य क्षेत्रों में अवस्थापना विकास के तहत मसूरी स्थित राजकीय अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास के अनुरक्षण कार्य के लिए 67.42 लाख रुपये तथा खटीमा स्थित राजकीय जनजाति छात्रावास में ट्यूबवेल और मास्ट लाइट की व्यवस्था के लिए 18.06 लाख रुपये की स्वीकृति शामिल है। राज्य सरकार ने इन योजनाओं के माध्यम से बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और जनसुविधाओं में सुधार लाने पर जोर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय