नैनीताल में 25 फरवरी को ‘विकसित भारत युवा संसद 2026’ का हाेगा आयोजन
नैनीताल, 23 फ़रवरी (हि.स.)। मेरा युवा भारत नैनीताल, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वय से आगामी 25 फरवरी को प्रातः 11 बजे से डीएसबी परिसर नैनीताल के सभागार में ‘विकसित भारत युवा संसद- 2026’ का आयोजन किया जाएगा।
मेरा युवा भारत नैनीताल की उप निदेशक डोल्वी तेवतिया ने बताया कि जिला स्तरीय इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को समसामयिक राष्ट्रीय विषयों पर अपने विचार व्यक्त करने के लिए मंच प्रदान किया जाएगा।
इस वर्ष युवा संसद का विषय “आपातकाल के 50 वर्षः भारतीय लोकतंत्र के लिए सीख” निर्धारित किया गया है। प्रतिभागियों को अपने विचार रखने के लिए 3 मिनट का समय दिया जाएगा। एक सितंबर-2025 तक 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवा इसमें भाग लेने के पात्र होंगे। इच्छुक प्रतिभागी निर्धारित तिथि पर सीधे कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित होकर सहभागिता कर सकते हैं।
जिला स्तर पर प्रदर्शन के आधार पर 10 प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तर के लिए किया जाएगा। इसके बाद प्रत्येक राज्य से 3 श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन राष्ट्रीय स्तर हेतु किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर का आयोजन नई दिल्ली स्थित भारतीय संसद भवन में होगा, जो चयनित युवाओं के लिए एक विशेष अवसर होगा।
आयोजकों ने इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे 25 फरवरी 2026 को एक पासपोर्ट आकार का फोटो तथा पहचान पत्र की छायाप्रति साथ लेकर आएं, ताकि पंजीकरण प्रक्रिया सुगमता से पूर्ण की जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी