स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को यथोचित सम्मान मिलेगा: राज्यपाल
हरिद्वार, 05 नवंबर (हि.स.)। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के प्रतिनिधिमंडल ने लोक भवन में उत्तराखंड के राज्यपाल ढाल सिंह बिसेन से मुलाकात कर देवभूमि आगमन पर बधाई दी और पुस्तक स्वाधीनता के पथिक हरिद्वार के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भेंट की।
मुलाकात के बाद हरिद्वार लौटकर राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने बताया कि महामहिम को स्वतंत्रता संग्राम में हरिद्वार के ऐतिहासिक योगदान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 1942 में 17 वर्षीय ऋषिकुल छात्र जगदीश वत्स तिरंगा फहराने पर अंग्रेजों की गोली से शहीद हो गए थे। उनकी स्मृति में ज्वालापुर में शहीद जगदीश वत्स पार्क बनाया गया है, जहां 529 सेनानियों के नाम अंकित हैं।
राज्यपाल ढाल सिंह बिसेन ने स्वतंत्रता सेनानी परिवारों से मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि देवभूमि में आकर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। सेनानियों व उनके परिवारों को यथोचित सम्मान मिले, इसका सदैव प्रयास किया जाएगा।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल सचिवालय में गृह सचिव शैलेश बागौली से मिला और हरिद्वार में शहीद जगदीश वत्स सेवा सदन बनाने, प्रत्येक जिले में सेवा सदन, आवासहीन परिवारों को भूखंड, सम्मान निधि में वृद्धि, बसों में पौत्र-पौत्री व पुत्रवधु को निशुल्क यात्रा, चौथी-पांचवीं पीढ़ी को आरक्षण और अनुकंपा नियुक्ति की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल में भारत भूषण विद्यालंकार, डॉ. महेंद्र सिंह राणा, अनुराग गौतम, शशांक गुप्ता व आदित्य गहलोत रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला