उपराष्ट्रपति के उत्तराखंड दौरे को लेकर सुरक्षा कड़ी, देहरादून में वाहनों की सघन जांच

 




देहरादून, 18 अगस्त (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के 19 और 20 अगस्त को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर देहरादून पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जनपद की सीमाओं और आंतरिक मार्गों पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन जांच की जा रही है।

उपराष्ट्रपति 19 अगस्त को देहरादून स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (आईजीएनएफए) का दौरा करेंगे। यहां वे 2025-27 बैच के भारतीय वन सेवा के परिवीक्षाधीन अधिकारियों को संबोधित करने के साथ उनके साथ संवाद करेंगे। इसके बाद 20 अगस्त को उपराष्ट्रपति मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए) में 2024 बैच के आईएएस अधिकारियों के प्रोफेशनल कोर्स के द्वितीय चरण के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। अकादमी के दौरे के दौरान वे सरदार वल्लभभाई पटेल और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि भी अर्पित करेंगे।

वीवीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) परमेंद्र सिंह डोबाल ने देहरादून के सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन और संदिग्धों की तलाश के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद की सीमाओं और आंतरिक मार्गों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की तलाश के लिए लगातार सघन चेकिंग अभियान शुरू भी कर दिया गया है। डोईवाला और कैंट क्षेत्र में पुलिस ने अर्द्धसैनिक बलों के साथ फ्लैग मार्च भी किया।

पुलिस के अनुसार, अभियान के तहत जनपद की सीमाओं और आंतरिक मार्गों पर बाहरी व्यक्तियों तथा वाहनों की जांच की जा रही है। संदिग्ध पाए जाने वाले व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अन्य आवश्यक कदम भी उठाए जा रहे हैं। इसके अलावा डोईवाला और कैंट क्षेत्र में अर्द्धसैनिक बलों के साथ फ्लैग मार्च किया गया। इस दौरान पुलिस ने आमजन से शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। पुलिस ने लोगों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा है।

उपराष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर देहरादून यातायात पुलिस ने विस्तृत यातायात योजना जारी की है। वीवीआईपी आवाजाही के दौरान 19 अगस्त को दोपहर एक बजे से साढ़े तीन बजे तक और 20 अगस्त को सुबह साढ़े आठ बजे से साढ़े दस बजे और दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक विभिन्न मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा।

यातायात पुलिस के अनुसार, ऋषिकेश से देहरादून और मसूरी आने वाले वाहनों को रानीपोखरी-भोगपुर-थानों-06 नंबर पुलिया-सहस्त्रधारा क्रॉसिंग होते हुए देहरादून भेजा जाएगा। मसूरी जाने वाले वाहनों को सहस्त्रधारा क्रॉसिंग-आईटी पार्क-साईं मंदिर मार्ग से भेजा जाएगा। हरिद्वार से देहरादून आने वाले वाहनों को भानियावाला फ्लाईओवर सर्विस लेन-डोईवाला-दूधली मार्ग-कारगी चौक होते हुए शहर में प्रवेश कराया जाएगा। मसूरी जाने वाले वाहनों को कारगी चौक-आईएसबीटी-शिमला बाईपास-जीएमएस रोड-कैंट-अनारवाला मार्ग से भेजा जाएगा।

आशारोड़ी और प्रेमनगर क्षेत्र से मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए आईएसबीटी-शिमला बाईपास-जीएमएस रोड-बल्लूपुर चौक-कैंट-अनारवाला मार्ग निर्धारित किया गया है। देहरादून से हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले वाहनों को कारगी चौक-दूधली-डोईवाला-भानियावाला-लालतप्पड़-नेपाली फार्म तिराहा होते हुए भेजा जाएगा। मसूरी से हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले वाहनों को जेपी बैंड-बार्लोगंज-कुठालगेट-ओल्ड मसूरी रोड-साईं मंदिर-काठ बंगला पुलिया-किरशाली चौक-आईटी पार्क-सहस्त्रधारा क्रॉसिंग-06 नंबर पुलिया-थानो रोड से भेजा जाएगा।

यातायात पुलिस ने ईसी रोड, घंटाघर और हाथीबड़कला-दिलाराम से मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। ईसी रोड से आने वाले वाहन सर्वे चौक-सहस्त्रधारा क्रॉसिंग-आईटी पार्क-साईं मंदिर मार्ग से, जबकि घंटाघर और हाथीबड़कला-दिलाराम क्षेत्र के वाहन ग्रेट वैल्यू-कैनाल रोड-काठ बंगला पुल-साईं मंदिर मार्ग से मसूरी जा सकेंगे।

पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन और रूट प्लान का पालन करने तथा अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है। मुख्य मार्ग, सड़क किनारे या प्रतिबंधित स्थानों पर पार्किंग नहीं करने को कहा गया है। नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को क्रेन से हटाने के साथ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एम्बुलेंस, पुलिस और दमकल जैसी अति आवश्यक सेवाओं के वाहनों को रोका या डायवर्ट नहीं किया जाएगा। पेट्रोल, दूध, गैस और सब्जी जैसे आवश्यक सेवाओं के वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।

यातायात पुलिस ने लोगों से असुविधा से बचने के लिए यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्ग अपनाने, धैर्य रखने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय