बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित चोरी की एसआईटी जांच की मांग

 




देहरादून, 4 जुलाई (हि.स.)। बद्रीश संयुक्त संघर्ष समिति, श्री बदरीनाथ धाम ने बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे और दानपात्र से कथित चोरी के मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने की मांग की है।

समिति ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को शनिवार को भेजे पत्र में कहा कि चार जुलाई को प्रकाशित समाचारों और सोशल मीडिया पर प्रसारित जानकारी के अनुसार बदरी-केदार मंदिर समिति के एक कर्मचारी पर आर्थिक अनियमितताओं और चढ़ावे की कथित चोरी के आरोप लगे हैं। यदि ये आरोप सही हैं तो यह बदरीनाथ धाम की गरिमा, प्रतिष्ठा और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा गंभीर विषय है, इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

समिति का कहना है कि मंदिर के दानपात्र और चढ़ावे से कथित चोरी के आरोप पहले भी सामने आते रहे हैं, लेकिन उनकी निष्पक्ष जांच नहीं हुई। पत्र में यह भी कहा गया है कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं से शुल्क वसूली जैसे विवादों ने भी धाम की छवि को प्रभावित किया है।

समिति ने मुख्यमंत्री से पूरे प्रकरण की एसआईटी से जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे मामले के तथ्य सामने आएंगे और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय