दून पुस्तकालय में 23 अक्टूबर से सजेगा 16वां 'देहरादून किताब कौतिक'
-75 प्रकाशकों की 80 हजार पुस्तकें होंगी उपलब्ध,साहित्यिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे
देहरादून, 12 सितंबर (हि.स.)। पहाड़ की संस्कृति, साहित्य और युवाओं में पढ़ने-लिखने की आदत को बढ़ावा देने वाली संस्था क्रिएटिव उत्तराखंड की ओर से 23 से 25 अक्टूबर तक दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र में 16 वें ‘देहरादून किताब कौतिक’ का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष आयोजन का संदेश ‘आओ, दोस्ती करें किताबों से’ रखा गया है।
आयोजन संयोजक हेम पंत ने बताया कि किताब कौतिक में करीब 75 प्रकाशकों की 80 हजार पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी। तीन दिवसीय आयोजन में साहित्यिक परिचर्चा, लेखकों से संवाद, करियर काउंसलिंग, बाल लेखन कार्यशाला, विज्ञान एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े कार्यक्रम, नेचर वॉक, साहसिक गतिविधियां और सांस्कृतिक संध्याएं आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि क्रिएटिव उत्तराखंड की ओर से अब तक उत्तराखंड के विभिन्न शहरों और कस्बों में 15 किताब कौतिक आयोजित किए जा चुके हैं। देहरादून में होने वाला यह 16वां आयोजन दून पुस्तकालय के हॉल, ओपन थिएटर और गलियारों में आयोजित होगा।
पंत ने कहा कि किताब कौतिक का उद्देश्य केवल देहरादून में 80 हजार पुस्तकें लाना नहीं, बल्कि युवाओं में जिज्ञासा, रचनात्मकता और पढ़ने की आदत विकसित करना है। आयोजन में देशभर से साहित्यकार, सामाजिक कार्यकर्ता और रंगकर्मी शामिल होंगे।
आयोजन से पहले देहरादून के विभिन्न स्कूलों के बच्चों के लिए पांच दिवसीय ‘बालप्रहरी बाल लेखन कार्यशाला’ आयोजित की जाएगी। इसमें बच्चे स्वयं हस्तलिखित पुस्तकें तैयार करेंगे और किताब कौतिक में उनका स्टॉल भी लगाएंगे। इसके अलावा पपेट निर्माण, भाषा-संस्कृति और वॉल पेंटिंग कार्यशालाएं तथा स्कूली बच्चों की प्रतियोगिताएं भी होंगी।
आयोजन की तैयारियों को लेकर शनिवार को दून पुस्तकालय के एम्फीथिएटर में परिचर्चा बैठक हुई। इसमें आयोजन समिति का गठन किया गया। बैठक में हेम पंत, दयाल पांडे, भारती पांडे, प्रवीन कुमार भट्ट, रमाकांत बेंजवाल, बीना बेंजवाल, हेमा तिवारी, देवेश जोशी, प्रेम पंचोली, मनोज पांडे, दीप्ति भट्ट, प्रोफ़ेसर शशि सहित विभिन्न साहित्यकार, शिक्षक, शोधार्थी, रंगकर्मी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पत्रकार मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय