ई-रिक्शा और बाइक की भिड़ंत में युवक की मौत

 


हरिद्वार, 29 अगस्त (हि.स.)। पिरान कलियर थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। रहमतपुर गांव निवासी प्रभात गिरी बाइक से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान नौगजे पीर के पास सामने से आ रहे ई-रिक्शा से उसकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10 बजे प्रभात गिरी बहादराबाद स्थित दूध की डेयरी पर दूध देकर बाइक से रहमतपुर स्थित अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह नौगजे पीर के पास पहुंचा, सामने से आ रहे ई-रिक्शा से उसकी बाइक की भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद प्रभात गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पिरान कलियर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। उधर, प्रभात की मौत की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक का माहौल है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद मौके से फरार हुए ई-रिक्शा चालक की तलाश की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला