अवैध उगाही के आरोप में दरगाह कर्मचारी निलंबित, जांच समिति गठित

 


हरिद्वार, 30 जुलाई (हि.स.)। पिरान कलियर दरगाह साबिर पाक में ठेकों के नाम पर कथित अवैध वसूली के मामले में दरगाह के कर्मचारी सलीम अहमद उर्फ बिल्ला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र शेट ने गुरूवार काे बताया कि दरगाह कार्यालय को कुछ ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली थीं, जिनमें एक कर्मचारी द्वारा ठेकों के नाम पर अवैध उगाही की बात सामने आई। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की गई।

अधिकारियों के अनुसार सलीम अहमद पर पहले भी गोपनीय जानकारी लीक करने, दान रसीदों में गड़बड़ी और अन्य शिकायतों के आरोप लग चुके हैं। तब उन्हें निलंबित कर चेतावनी के बाद बहाल किया गया था। इसके अलावा दरगाह के नाम पर कर्मचारियों की यूनियन बनाने के मामले में भी जांच चल रही है।

मामले की जांच के लिए तहसीलदार रुड़की के नेतृत्व में तीन सदस्यीय समिति बनाई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला