राज्य स्थापना दिवस पर साइकिल रैली में उमड़ा उत्साह
हरिद्वार, 06 नवंबर (हि.स.)। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को हरिद्वार में ओपन वर्ग बालक-बालिका साइकिल रैली का आयोजन किया गया। योगस्थली खेल परिसर रोशनाबाद से शुरू हुई रैली में 97 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर खेलों के प्रति अपनी रुचि और उत्साह का प्रदर्शन किया।
खेल निदेशालय उत्तराखंड, देहरादून एवं जिला प्रशासन हरिद्वार के मार्गदर्शन में जिला खेल कार्यालय की ओर से आयोजित रैली का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी प्रमोद चंद्र पांडेय ने किया। रैली योगस्थली खेल परिसर से शुरू होकर नवोदय चौक और हीरो चौक होते हुए वापस खेल परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली के समापन पर पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें लॉटरी ड्रॉ के माध्यम से पांच बालक और पांच बालिका खिलाड़ियों का चयन कर खेल विभाग की ओर से पुरस्कृत किया गया। आयोजकों ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य स्थापना दिवस को खेल गतिविधियों के माध्यम से मनाने के साथ ही युवाओं और बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी रविंद्र भंडारी, सहायक प्रशिक्षक अनुराग राठी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी प्रजापति कुकरैती, वरिष्ठ सहायक शिवम रावत, कनिष्ठ सहायक विक्रम सिंह, राजन राणा, मंगल सिंह, अक्षय राठी, अनुराग सिंह धमांदा, गौरव कुमार, आदित्य गुप्ता और संविदा प्रशिक्षक शिवानी नैथानी सहित अनेक खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला