सीबीआरआई में मनाया गया सीएसआईआर का 85वां स्थापना दिवस

 


रुड़की, 12 अक्टूबर (हि.स.)।क् वैज्ञानिक व औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) के 85वें स्थापना दिवस पर केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (सीबीआरआई) रुड़की में समारोह का आयोजन किया गया। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. अजय चौरसिया ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) के 85 वर्षों की वैज्ञानिक यात्रा, अनुसंधान एवं विकास में योगदान और राष्ट्र निर्माण में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला।

केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (सीबीआरआई) के निदेशक प्रो. आर. प्रदीप कुमार ने कहा कि सीएसआईआर ने विज्ञान को समाज की आवश्यकताओं से जोड़कर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

मुख्य अतिथि प्रो. पंत ने भवन निर्माण क्षेत्र में कार्बन उत्सर्जन कम करने और सतत निर्माण सामग्री के उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सीएसआईआर और सीबीआरआई नवीन निर्माण सामग्री और पर्यावरण अनुकूल तकनीकों के विकास से सतत अवसंरचना को बढ़ावा दे रहे हैं। समारोह में तीन तकनीकों का प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और पुरस्कार वितरण भी किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला