बदरीनाथ-केदारनाथ में चल रहे निर्माण कार्याें की मुख्य सचिव ने की समीक्षा

 


देहरादून, 07 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने देहरादून स्थित सचिवालय में केदारनाथ पुनर्निर्माण, पुनर्विकास कार्य और बदरीनाथ मास्टर प्लान कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने केदारनाथ पुनर्निर्माण से सम्बन्धित कार्यों की से जानकारी ली। उन्होंने प्रत्येक कार्य के भौतिक एवं वित्तीय प्रगति के साथ ही पूर्ण होने की समय-सीमा की भी जानकारी ली।

मुख्य सचिव ने कहा कि केदानाथ धाम में जिन 6 ब्लॉक्स का कार्य शुरू किया जाना है, उन्हें तत्काल शुरू कराया जाए। निर्धारित समय पर कार्य पूर्ण कराए जाने के लिए प्रत्येक कार्य की लगातार मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने रुद्रप्रयाग जिलाधिकारी को केदारनाथ धाम यात्रा क्षेत्र के लिए एक व्यापक एवं एकीकृत कूड़ा प्रबंधन योजना तैयार किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि जो भी वित्तीय, तकनीकी और अन्य सहयोग की आवश्यकता होगी, वह उपलब्ध करायी जाएगी। मुख्य सचिव ने बदरीनाथ मास्टरप्लान फेज 1 और फेज 2 के कार्यों की प्रगति की भी विस्तार से जानकारी ली।

उन्होंने प्रत्येक कार्य की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी ली एवं प्रत्येक कार्य के पूर्ण होने की समय-सीमा के अनुसार कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि केदारनाथ धाम एवं बदरीनाथ धाम में जो भी असेट्स एवं सुविधाएं स्थापित की जा रही हैं, उनके ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस के लिए फ्रेमवर्क तैयार कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि इनके संचालन के लिए संस्थाएं पूर्व निर्धारित रहेंगी तो हैंड ओवर करने के उपरांत मेंटेनेंस आदि की जिम्मेदारी निर्धारण में सहायता मिलेगी।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल