सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, समय-सीमा में पूरा करने पर जोर

 


देहरादून, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं के निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दोनों परियोजनाओं के प्रभावी अनुश्रवण और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए अधीक्षण अभियंता स्तर के अधिकारी को डेडिकेटेड प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में तैनात करने को कहा है।

मुख्य सचिव ने गुरुवार को सचिवालय में दोनों परियोजनाओं की वित्तीय और भौतिक प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ ही परियोजनाओं के तहत विकसित होने वाले जलाशयों और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की संभावनाओं पर भी काम करने के निर्देश दिए।

जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने कॉफर डैम का निर्माण मार्च 2027 तक अनिवार्य रूप से पूरा करने को कहा। उन्होंने दोनों परियोजनाओं की भौतिक प्रगति के साथ निर्माण कार्यों के फोटोग्राफ और वीडियो नियमित रूप से स्टेट प्रगति पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कंक्रीटिंग और उत्खनन कार्यों की समयसीमा दर्शाते हुए विस्तृत पीईआरटी चार्ट तैयार करने तथा उत्खनन कार्य की दिनवार प्रगति का विवरण आगामी उच्चाधिकार प्राप्त समिति की बैठक में प्रस्तुत करने को कहा।

सौंग बांध परियोजना की समीक्षा में उन्होंने मार्च तक निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही पुनर्वास से जुड़े कार्यों की अग्रिम तैयारियां पूरी करने को कहा। मुख्य सचिव ने दोनों परियोजनाओं की संशोधित लागत के अनुमोदन के लिए सभी औपचारिकताएं एक साथ पूरी करने और केंद्रीय जल आयोग सहित संबंधित संस्थाओं से परीक्षण एवं अनुमोदन की प्रक्रिया समय से पूरी कराने के निर्देश भी दिए।

समीक्षा बैठक में बताया गया कि सौंग बांध परियोजना को पर्यावरणीय, वन एवं तकनीकी स्वीकृतियां नवंबर 2024 तक मिल चुकी हैं। मार्च 2024 में विशेष सहायता योजना (एसएएससीआई) के तहत परियोजना की शेष लागत 2,491.96 करोड़ रुपये के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई थी। परियोजना में 130.60 मीटर ऊंचे बांध के साथ 150 एमएलडी क्षमता का जल शोधन संयंत्र और करीब 88 किलोमीटर लंबी फीडर मेन का निर्माण शामिल है। मुख्य बांध का निर्माण नवंबर 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

परियोजना के तहत वित्तीय वर्ष 2023-24 से 2025-26 तक क्रमशः 88 करोड़, 140 करोड़ और 173 करोड़ रुपये की धनराशि का शत-प्रतिशत उपयोग किया गया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी 39.60 करोड़ रुपये का पूरा उपयोग किया जा चुका है। हालांकि, चालू वित्तीय वर्ष के लिए निर्धारित 30 प्रतिशत भौतिक प्रगति के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 21 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है।

जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना के तहत कार्यालय एवं आवासीय भवनों, कॉलोनियों और सर्विस रोड सहित आधारभूत ढांचे का 90 प्रतिशत, डायवर्जन टनल का 80 प्रतिशत और क्रशिंग, बैचिंग एवं मिक्सिंग प्लांट की स्थापना का 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। कॉफर डैम का 50 प्रतिशत तथा स्ट्रिपिंग फाउंडेशन और एबटमेंट का 40 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ है। नई नहर के निर्माण और पुरानी नहर के रीमॉडलिंग एवं नवीनीकरण की कुल प्रगति 32.46 प्रतिशत बताई गई है। परियोजना प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन का 84 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। बांध का निर्माण जून 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है।

बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम और डॉ. रणवीर सिंह चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय