मुख्य सचिव ने बजरंग सेतु और हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण किया
टिहरी गढ़वाल, 04 जून (हि. स.)। मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने गुरुवार को जनपद टिहरी गढ़वाल के तपोवन स्थित बजरंग सेतु और नरेंद्रनगर विकासखंड के प्लास्डा स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों और स्थानीय आजीविका गतिविधियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ओम प्रकाश ने बजरंग सेतु की इंजीनियरिंग संरचना, तकनीकी विशेषताओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी मुख्य सचिव को दी। मुख्य सचिव ने परियोजना के सुरक्षा मानकों और निर्माण गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इसके बाद मुख्य सचिव ने प्लास्डा स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण किया। भोजनालय की संचालक बीना पुंडीर ने उन्हें प्रतिदिन आने वाले ग्राहकों, बिक्री तथा परियोजना के वित्तीय सहयोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इकाई को रीप परियोजना से छह लाख रुपये, बैंक ऋण के रूप में तीन लाख रुपये तथा सीएलएफ के माध्यम से एक लाख रुपये का सहयोग प्राप्त हुआ है।
मुख्य सचिव ने भोजनालय परिसर के आसपास व्यापक वृक्षारोपण करने और मेनू को स्पष्ट एवं आकर्षक ढंग से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि पर्यटकों और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि पर्यटन और स्थानीय आजीविका से जुड़े ऐसे प्रयासों को और अधिक सशक्त बनाकर क्षेत्रीय विकास को नई गति दी जाएगी।
इस अवसर पर सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे, तपोवन नगर पंचायत अध्यक्ष विनीता बिष्ट, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिडियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय