प्रवासी उत्तराखण्डियों से राज्य के विकास में योगदान लेने पर जोर, 13 नवंबर को सम्मेलन

 


देहरादून, 14 अक्टूबर (हि.स.)। राज्य के विकास में प्रवासी उत्तराखण्डियों के अनुभव, सुझाव और विशेषज्ञता का लाभ लेने के उद्देश्य से 13 नवंबर को तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी दिवस सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु ने बुधवार को सचिवालय में सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप, युवा-केंद्रित और नवाचारपूर्ण बनाने के निर्देश दिए।

दून विश्वविद्यालय के नित्यानंद ऑडिटोरियम में होने वाले सम्मेलन की तैयारियों के लिए गठित समिति की बैठक में प्रमुख सचिव ने कहा कि आयोजन के माध्यम से देश-विदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों के साथ सार्थक संवाद स्थापित किया जाए। उन्होंने विभिन्न राज्यों और शहरों में अलग-अलग क्षेत्रों में कार्य कर रहे प्रवासियों को चिह्नित कर सम्मेलन में आमंत्रित करने पर जोर दिया, ताकि उनके अनुभवों और सुझावों का उपयोग प्रदेश के विकास में किया जा सके।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि सम्मेलन के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रमुख सचिव ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सम्मेलन की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने और तैयारियों की प्रगति से तीन-चार दिन के भीतर अवगत कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने सम्मेलन के प्रचार-प्रसार के लिए मीडिया, विज्ञापन, होर्डिंग और सामाजिक माध्यमों पर प्रभावी अभियान चलाने को कहा। साथ ही आमंत्रित अतिथियों के आवागमन, परिवहन, ठहरने और भोजन की व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उद्घाटन सत्र, विभिन्न विषयगत सत्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां भी समयबद्ध ढंग से पूरी करने को कहा।

प्रमुख सचिव ने आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, पहुंच मार्गों और परिवहन व्यवस्था को सुचारु रखने पर भी जोर दिया। सम्मेलन के दौरान राज्य सरकार के विकास कार्यों, योजनाओं और नीतियों पर आधारित लघु फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। इसके माध्यम से प्रवासी उत्तराखण्डियों को प्रदेश में संचालित विकास योजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में हो रही पहलों की जानकारी दी जाएगी।

बैठक में सचिव शैलेश बगोली, विनोद कुमार सुमन, सी. रविशंकर, राजेंद्र कुमार, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, देहरादून के मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, उत्तराखण्ड प्रवासी प्रकोष्ठ के सदस्य सुधीर चन्द्र नौटियाल, उपनिदेशक सूचना बद्री चंद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय