नई कार में घर लौट रहे सीआरपीएफ जवान की मौत, 250 फीट खाई में गिरते ही धधक उठी कार

 


चंपावत, 19 जून (हि.स.) चम्पावत जिले के लोहाघाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे कुमाऊं क्षेत्र को झकझोर दिया। बापरू और बंतोली के बीच एक कार अनियंत्रित होकर करीब 250 फीट गहरी खाई में जा गिरी। खाई में गिरते ही वाहन में आग लग गई और देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। हादसे में सीआरपीएफ जवान बलदेव कुमार और वाहन चालक राजेंद्र कुमार की मौत हो गई, जबकि जवान की पत्नी और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार बलदेव कुमार अपनी नई कार से परिवार के साथ हल्द्वानी से पिथौरागढ़ स्थित घर लौट रहे थे। बंतोली के पास अचानक वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना के बाद कार में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि बलदेव कुमार वाहन के भीतर ही फंस गए और जिंदा जल गए। चालक राजेंद्र कुमार की भी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में बलदेव कुमार की पत्नी नीतू देवी, आठ वर्षीय पुत्री अक्षिता और पांच वर्षीय पुत्र आरव गंभीर घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के दौरान तीनों वाहन से बाहर छिटक गए, जिससे उनकी जान बच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। दुर्गम और खतरनाक खाई में उतरकर राहत कर्मियों ने घंटों तक अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया।

घायलों को उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम उनका उपचार कर रही है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार दोनों बच्चों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि नीतू देवी के पैर में गंभीर चोट बताई जा रही है। पांच वर्षीय आरव को बेहतर जांच और उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन भी सक्रिय हो गया। अधिकारियों ने राहत और उपचार व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की। प्रारंभिक स्तर पर घायलों को एयरलिफ्ट करने की तैयारी भी की गई थी, लेकिन चिकित्सकों द्वारा स्थिति नियंत्रित बताए जाने के बाद यह निर्णय फिलहाल स्थगित कर दिया गया।

नई कार में परिवार के साथ घर लौट रहे एक जवान की इस दर्दनाक मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी