मसूरी होमस्टे में महिला की मौत मामले में आरोपित पति गिरफ्तार

 


देहरादून, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के मसूरी क्षेत्र स्थित एक होमस्टे में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने मृतका के पति को नई दिल्ली से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपित को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।पुलिस के अनुसार 15 जून को मसूरी-धनौल्टी मार्ग पर टिपरीधार स्थित होमस्टे में अपने पति के साथ ठहरी पारुपुडी राधा गायत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मामले में मृतका के परिजनों की तहरीर पर कोतवाली मसूरी में उसके पति सोमयाजुला चरण निवासी दिल्ली के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर पुलिस ने न्यायिक मजिस्ट्रेट मसूरी से आरोपित के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) प्राप्त किया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपित को नई दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय