लाखों की चोरी का किया खुलासा,16 तोला सोना और एक किलो चांदी बरामद

 


पंतनगर, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले की पंतनगर पुलिस ने एक माह पूर्व हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर 16 तोला सोने के आभूषण,एक किलोग्राम चांदी के जेवर और चोरी की वारदात में प्रयुक्त चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने चोरी की नकदी जमा होने की जानकारी मिलने पर आरोपित के बैंक खातों को फ्रीज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

पुलिस ने गुरुवार को बताया कि शांतिपुरी नंबर-एक निवासी प्रकाश चंद के नवनिर्मित मकान में 15 जून की रात चोर खिड़की की ग्रिल और जाली काटकर घर में घुस गए थे। चोर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और करीब सात से आठ लाख रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए थे। पीड़ित की तहरीर पर पंतनगर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गठित चार पुलिस टीमों ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गड़रियाबाग निवासी अजय कुमार उर्फ अज्जू (28) को 15 जुलाई को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल ट्रांजिट कैंप क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जाता था।

आरोपित ने यह भी स्वीकार किया कि चोरी की नकदी उसने अपने बैंक खातों में जमा कर दी थी। इसके बाद पुलिस ने संबंधित खातों को फ्रीज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है,जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पंतनगर और किच्छा थानों में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी