चुनाव से पहले अराजक तत्वों पर कसेगा पुलिस का शिकंजा, नशा तस्करों की संपत्ति होगी अटैच

 


हरिद्वार, 27 नवंबर (हि.स.)। सैनिक सम्मेलन के समापन के बाद एसएसपी नवनीत सिंह की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें अक्टूबर माह के दौरान जनपद में घटित अपराधों और उनके खुलासे की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी चुनाव की तैयारियों, कानून व्यवस्था, लंबित विवेचनाओं, गंभीर अपराधों और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक निशा यादव, एसपी देहात अभय कुमार सिंह, एसपी सिटी दीपक कुमार सहित सभी क्षेत्राधिकारी और थाना-कोतवाली प्रभारी मौजूद रहे।

एसएसपी ने अधिकारियों को आगामी चुनाव की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरोधात्मक कार्रवाई में तेजी लाते हुए धारा 107/116 और 151 के तहत अराजक तत्वों पर समय रहते कार्रवाई की जाए। चुनाव से पहले सभी लाइसेंसी असलहों को जमा कराने के साथ ही अवैध हथियारों के इस्तेमाल और उनकी सप्लाई चेन पर भी कड़ी निगरानी रखी जाए।

उन्होंने शराब और अन्य नशे का सेवन कर माहौल बिगाड़ने वाले पिल्ला गैंग के सदस्यों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से चुनावी माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले तत्वों से भी सख्ती से निपटने को कहा। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेकर दबंगई दिखाने वालों पर पुलिस का कठोर प्रहार होगा।

एसएसपी ने हत्या समेत अन्य गंभीर मामलों के लंबित खुलासों पर नाराजगी जताते हुए एसपी सिटी और एसपी देहात को संबंधित टीमों का प्रभावी पर्यवेक्षण कर जल्द खुलासा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वांछित और ईनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान में जनपद पुलिस के प्रदर्शन की सराहना करते हुए आगे भी सक्रियता बनाए रखने को कहा।

लंबित विवेचनाओं पर होगी जवाबदेही

एसएसपी ने विवेचकों को लंबित विवेचनाओं का निर्धारित समयावधि में निस्तारण करने के निर्देश दिए। सभी क्षेत्राधिकारियों को विवेचनाओं की साप्ताहिक समीक्षा करने और लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी। सीएम पोर्टल से प्राप्त शिकायतों की प्रत्येक माह के अंतिम सप्ताह में संबंधित सीओ को समीक्षा कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

महिला-बाल अपराधों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

महिला और बच्चों से संबंधित अपराधों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायत मिलने पर दिवसाधिकारी अथवा रात्रि अधिकारी तत्काल मामले को देखें। आवश्यकता पड़ने पर थाना प्रभारी स्वयं प्रकरण का निस्तारण सुनिश्चित करें।

इसके अलावा सत्यापन अभियान में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों में कानून का भय बना रहना चाहिए। नशा तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के साथ ही तस्करों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को अटैच करने की प्रक्रिया पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला