पटेलनगर मारपीट मामले में फरार एक और आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़ा

 


देहरादून, 13 जुलाई (हि.स.)। देहरादून पुलिस ने पटेलनगर क्षेत्र में युवक को बंधक बनाकर मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। मामले का मुख्य आरोपित पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस के अनुसार जाखन कैनाल रोड निवासी आजाद रावत की शिकायत पर पटेलनगर थाने में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में कहा गया कि तीन जुलाई की रात लालपुल के पास स्कूटी चालक अंकुर वाल्मीकि की टक्कर से उसका मोबाइल फोन टूट गया था। इसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद अंकुर और उसके साथियों ने शिकायतकर्ता को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की और अमानवीय व्यवहार किया।

पुलिस ने जांच के दौरान भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 भी मामले में जोड़ी। मुख्य आरोपित अंकुर वाल्मीकि को छह जुलाई को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। विवेचना के दौरान सामने आए अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस ने मुकुल उर्फ बाजीगर (23) निवासी न्यू पटेलनगर, को विशाल मेगामार्ट के पीछे से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय