बाजपुर सिविल कोर्ट का नायब नाजिर 3500 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
हल्द्वानी, 16 जुलाई (हि.स.)। सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी की ट्रैप टीम ने ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर स्थित सिविल कोर्ट में तैनात नायब नाजिर ओम चौहान को 3500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार शिकायतकर्ता ने हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी कि सिविल कोर्ट बाजपुर में उसके विरुद्ध परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) का एक वाद विचाराधीन है। दोनों पक्षों के बीच समझौता हो जाने के बाद जब वह राजीनामा दाखिल कराने कोर्ट पहुंचा तो वहां तैनात नायब नाजिर ओम चौहान ने कोर्ट फीस के नाम पर 3500 रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और उसने आरोपित के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
शिकायत का सत्यापन प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने बुधवार को बाजपुर स्थित सिविल जज (जूनियर डिवीजन) न्यायालय परिसर में कार्रवाई करते हुए आरोपित ओम चौहान निवासी ग्राम निवाड़मुंडी, जनपद ऊधमसिंह नगर को शिकायतकर्ता से 3500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता अधिष्ठान ने बताया कि मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।
सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने सफल कार्रवाई करने वाली ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने आम जनता से भ्रष्टाचार की शिकायतें सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दर्ज कराने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय