निजी काम के बहाने किराए पर ली लाखों की मशीन हड़पी!
हरिद्वार, 27 अप्रैल (हि.स.)। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रायसी निवासी एक युवक की जेसीबी मशीन निजी कार्य के नाम पर लेकर हड़पने, किराया न देने और वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर लक्सर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम रायसी निवासी अवनीश पुत्र इलमचंद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी महेंद्रा जेसीबी मशीन को उसके परिचित राजकुमार पुत्र पूर्णा सिंह निवासी ग्राम कपूरी, सहारनपुर (हाल निवासी विद्या विहार, कारगी देहरादून) ने निजी कार्य के लिए लिया था। आरोप है कि कुछ समय बाद जब मशीन वापस मांगी गई तो आरोपित लगातार टालमटोल करता रहा और महीनों तक मशीन अपने कब्जे में रखी।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपित न तो जेसीबी मशीन का किराया दे रहा है और न ही मशीन वापस कर रहा है। इतना ही नहीं, विरोध करने पर आरोपित ने साफ कह दिया कि न किराया दूंगा, न मशीन लौटाऊंगा, ज्यादा कोशिश की तो जान से मार दूंगा। पीड़ित ने आरोपित को अपराधी प्रवृत्ति का बताते हुए पुलिस से मशीन वापस दिलाने, बकाया किराया दिलाने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला